मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नगर के रामसरोवर, अकड़हवा पोखरा, पुसौली और बड़ौली पोखरा सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की दीर्घायु की कामना की।

अकड़हवा पोखरा पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने परिवार के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। वहीं रामसरोवर तालाब पर नगरपालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश मिश्रा, अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार और उप जिलाधिकारी सदर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
शाम होते ही घरों से बैंड-बाजे और छठी मइया के मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं के घाटों तक पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पुरुष सिर पर बांस की टोकरी में पूजन सामग्री लेकर पहुंचे तो महिलाएं सूप और डलिया में फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ सजाकर घाटों तक पहुंचीं। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर पारंपरिक विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।

छठ व्रत कर रहीं काजल सोनी ने बताया कि वह तीन वर्षों से छठ पूजा कर रही हैं। छठी मइया से मांगी गई उनकी मनोकामना पूरी हुई है, जिसके बाद उनकी आस्था और भी मजबूत हुई है।

वहीं निशा चौबे ने बताया कि वह छह वर्षों से यह व्रत कर रही हैं। छठ उनके लिए सबसे बड़ा पर्व है। पूरा परिवार दीपावली से पहले ही इसकी तैयारियों में जुट जाता है।

उषा सोनी ने बताया कि वह करीब 35 वर्षों से छठ पूजा करती आ रही हैं। अब उनकी बहुएं भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व परिवार को एक सूत्र में बांधने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ता है। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उनका व्रत पूरा होगा।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और प्रकृति उपासना का अनुपम पर्व है। इसमें डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देकर कृतज्ञता प्रकट की जाती है और अगले दिन उगते सूर्य की आराधना की जाती है।

डॉ धर्मवीर तिवारी ने आगे कहा की सोनभद्र के सीमावर्ती क्षेत्रों तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। सभी लोग छठी मइया से लोककल्याण की कामना कर रहे हैं।

नगरपालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि महापर्व को देखते हुए नगर के लगभग 18 छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम भी बनवाए गए हैं। पुलिस प्रशासन, सीओ, एसडीएम, अधिशासी अधिकारी और संबंधित जेई सहित अधिकारी लगातार घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

नगरपालिका की ओर से घाटों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच छठ महापर्व का तीसरा दिन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।