ब्यूरो@जे0 के0….
खुद एसपी अभिषेक वर्मा ने निरीक्षण कर जिले भर में पुलिस की निगरानी तेज करने के दिये निर्देश, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी लगातार कर रहे भ्रमण

Sonbhadra। छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल में भ्रमणशील रहकर छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों का लगातार जायजा ले रहे हैं। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, घाटों एवं आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की सक्रियता सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सोनभद्र पुलिस ने पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।