संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
नेहरू जयंती पर बच्चों ने सजाए स्टॉल, खेलों में दिखाया दमखम; सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

बाल दिवस के मौके पर शनिवार को म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय और निजी विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कहीं बच्चों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई तो कहीं बाल मेले में तरह-तरह के व्यंजनों के स्टॉल लगाकर लोगों का ध्यान खींचा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के बीच बच्चों ने बाल दिवस को यादगार बनाया।

भलुही स्थित मां मैत्रायणी योगिनी इंटर कॉलेज, म्योरपुर के मून स्टार इंग्लिश मीडियम स्कूल और गोविंदपुर के शिक्षा निकेतन में बाल मेले का आयोजन किया गया। बच्चों ने कबड्डी समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वहीं खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मेले में लगे स्टॉल पर पहुंचकर व्यंजनों का स्वाद भी लिया। कार्यक्रमों के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और उनके विचारों पर भी चर्चा की गई।

गांव-गांव के स्कूलों में गूंजा बाल दिवस का उत्साह;
म्योरपुर कस्बे के साथ खैराही, किरवानी और रनटोला समेत आसपास के गांवों के विद्यालयों में भी बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्राथमिक विद्यालय रसपहड़ी में पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल भी लगाए।

इनकी रही मौजूदगी;
कार्यक्रम में शुभा प्रेम, सौरभ सिंह, शेषनाथ तिवारी, मुरली यादव, इंदु बाला, विमल सिंह, सुरेश, प्रमोद शर्मा, नीता, नेहा, विजय कनौजिया, प्रेम दयाल, नितिका शर्मा, शिक्षिका विभा सिंह, रीता कुमारी और सुनील कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।