ब्यूरो@जे0 के0/@उमेश सिंह……
पुलिस और दमकल की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा, हिंडाल्को और अनपरा तापीय परियोजना की फायर ब्रिगेड ने चलाया अभियान

Sonbhadra। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड संख्या-20 स्थित डीह बाबा रोड पर शनिवार को जय मां शारदा ट्रेडर्स के स्क्रैप यार्ड में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस, रेणुसागर चौकी और औद्योगिक इकाइयों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई घंटों की मशक्कत और संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे, हेड कांस्टेबल शशि भूषण और रेणुसागर चौकी प्रभारी योगेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इस दौरान चौकी के कांस्टेबल सौरभ वर्मा, विजय प्रकाश यादव, संजय पाल, मोहम्मद नोमान अली सिद्दीकी और मोहम्मद खलील ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

आग की भयावहता को देखते हुए रेणुसागर स्थित हिंडाल्को और अनपरा तापीय परियोजना की सीआईएसएफ फायर ब्रिगेड टीमों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने का प्रयास किया। इस अभियान में हिंडाल्को फायर ब्रिगेड टीम के अखिलेश्वर सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस और दमकल विभाग की टीमों के बीच बेहतर समन्वय के चलते आखिरकार आग पर नियंत्रण पा लिया गया। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों की तत्परता तथा साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की। फिलहाल आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।