संवाददाता@बद्री प्रसाद….

जिले में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के एक अभियुक्त की 75.50 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है। जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश के अनुपालन में 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 551/2026 के तहत गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध अभियुक्त अखिलेश उर्फ धीरज केसरी पुत्र संजय केसरी निवासी वैनी, थाना रायपुर, हाल पता इन्द्रपुरी कॉलोनी, रॉबर्ट्सगंज की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। कार्रवाई में अभियुक्त की माता कुसुम देवी और पिता संजय केसरी के नाम दर्ज जमीन और आवासीय भूखंड भी शामिल हैं।

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, माता कुसुम देवी के नाम ग्राम अवई में चार गाटों में दर्ज 0.2550 हेक्टेयर भूमि, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, तथा 253 वर्गमीटर का आवासीय भूखंड, जिसकी कीमत करीब 25.50 लाख रुपये आंकी गई है, कुर्क किया गया। वहीं पिता संजय केसरी के नाम दर्ज 253.71 वर्गमीटर के आवासीय भूखंड की कीमत लगभग 20 लाख रुपये और अन्य आराजियों में दर्ज 0.5190 हेक्टेयर भूमि की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

इस प्रकार कुर्क की गई कुल अचल संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य 75.50 लाख रुपये है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संपत्तियों पर कुर्की संबंधी बोर्ड भी लगा दिए हैं। बोर्ड के माध्यम से संपत्ति का क्रय-विक्रय, दान, बंधक, निर्माण और कब्जा परिवर्तन करने पर प्रतिबंध की चेतावनी दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।