ब्यूरो@जे0 के0/@सौरभ गोस्वामी…
रेणुका नदी घाट पर छठ महापर्व की भव्य तैयारी, करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

Sonbhadra। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर ओबरा में उत्साह चरम पर है। यहां छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ किसी बड़े मेले से कम नहीं होती। यही वजह है कि ओबरा में छठ का नजारा दशहरे के मेले से भी भव्य दिखाई देता है। चार दिवसीय महापर्व को लेकर रेणुका नदी के तट पर स्थित छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

पंडाल और व्यवस्था का वृहद रूप :- रेणुका नदी घाट पर श्रद्धालुओं के बैठने और पूजा-अर्चना के लिए विशाल पंडाल और टेंट लगाए जा रहे हैं। नदी किनारे बड़ी संख्या में मिट्टी की वेदियां बनाई जा रही हैं, जहां व्रती महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। घाट को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नगर पंचायत की टीम लगातार काम कर रही है।
छठ घाट पर व्रतियों के लिए खास व्यवस्था :- पिछले वर्ष बारिश के कारण व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसे देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पंडाल के ऊपर पॉलीथिन कवर लगाया जा रहा है, ताकि बारिश होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।

अधिकारी से वार्ता कर ली जानकारी :- नगर पंचायत ओबरा के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल, पंडाल और सड़क की व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष बारिश के दौरान हुई परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस बार पंडाल के ऊपर पॉलीथिन लगवाई गई है। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए करीब 950 मीटर सीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष छठ घाट पर करीब 3 से 4 हजार व्रती महिलाओं सहित लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। शेष तैयारियों को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

बाजार में खरीददारी से बढ़ी रौनक :- छठ महापर्व की रौनक अब ओबरा के बाजारों में भी दिखाई देने लगी है। प्रमुख चौराहों और बाजारों में फलों की दुकानें सज गई हैं। सूप, दउरा और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु छठ पूजा के पारंपरिक सामान और पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। छठ गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया है।

प्रशासनिक तैयारी :- वहीं, महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी सक्रिय है। समाज कल्याण राज्य मंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। नगर पंचायत की ओर से घाट की तैयारियों को समय से पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल रेणुका नदी घाट पर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। छठ पर्व के दौरान अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना के लिए हजारों श्रद्धालु घाट पर जुटेंगे। आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक ओबरा का छठ महापर्व एक बार फिर भव्य मेले का रूप लेने को तैयार है।