मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..स्वर्ण जयंती चौक से निकली दौड़, विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की ओर से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ सद्भावना की भावना जागृत करने के उद्देश्य से क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया।

प्रधानाचार्या सिस्टर किरन जार्ज के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

दौड़ का शुभारंभ स्वर्ण जयंती चौक से हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने कचहरी, हाइडिल मैदान और शीतला माता मंदिर होते हुए पुनः स्वर्ण जयंती चौक पहुंचकर दौड़ पूरी की। इस अवसर पर प्रधानाचार्या सिस्टर किरन जार्ज ने बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में अनुश्री ने प्रथम, रितिका शुक्ला ने द्वितीय तथा शिवांगी जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में हमजा अनवर प्रथम, आयुष द्वितीय और उत्कर्ष चौबे तृतीय स्थान पर रहे। समापन पर प्रधानाचार्या सिस्टर किरन जार्ज ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस दौरान जय प्रकाश शुक्ला, राकेश कुमार शुक्ल, रश्मि शर्मा, स्मिता मार्टिन, संदीप जायसवाल, कमलेश केशरी, संदीप पाण्डेय, निलेश उपाध्याय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के फोटो संकलन का कार्य विनय बेक ने किया।