संवाददाता@आनंद गुप्ता……

महुली-फुलवार स्थित मलिया नदी छठ घाट पर नवनिर्मित सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर एवं शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गया। महुली ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के अथक प्रयास और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से निर्मित मंदिर में शुक्रवार से वैदिक विधि-विधान के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

शनिवार को भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा एवं भगवान शिव के शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान संजय श्रीवास्तव अपनी धर्मपत्नी प्रियंका श्रीवास्तव के साथ सपत्नीक यजमान के रूप में शामिल हुए। अयोध्या धाम से पधारे विद्वान आचार्य तेजभान त्रिपाठी एवं अमन शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन संपन्न कराया।

आचार्यों द्वारा किए गए मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पूजा-अर्चना में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और भगवान सूर्यदेव एवं भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना की। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर छठ घाट पर विशेष उत्साह देखने को मिला।

मंदिर निर्माण से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। श्रद्धालुओं का मानना है कि सूर्य मंदिर की स्थापना से मलिया नदी छठ घाट की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता और बढ़ेगी।