संवाददाता@अमिताभ मिश्रा….

पिपरी थाना क्षेत्र के शिवा पार्क में शनिवार को एक विवाहिता ने किराये के मकान की ऊपरी मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सुषमा देवी (26) पत्नी सुनील चंद्रवंशी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सुषमा देवी अपने पति के साथ प्राथमिक विद्यालय मुर्धवा के पास एक किराये के मकान में रहती थी। शनिवार की सुबह करीब 6:20 बजे उसका पति सुनील चंद्रवंशी हिंडाल्को कंपनी में ड्यूटी करने चला गया था।

इसी दौरान सुषमा ने मकान की छत पर लगे लोहे के इंगल से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर मृतका के भाई दिनेश चंद्रवंशी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिपरी थानाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। नायब तहसीलदार दुद्धी अमजद अली मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर उपस्थित रहे।

पुलिस लाइन से पहुंची फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट की मौजूदगी में आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों ने घटना को इत्तफाकिया बताया है। फिलहाल किसी तरह के आपराधिक कारण अथवा विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।