मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

14 नवंबर, पं. जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को पं. विद्याधर इंटर कॉलेज एवं परमहंस पब्लिक स्कूल कबरी में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक सुरेश तिवारी एवं प्रधानाचार्य ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने नेहरू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में खेलकूद प्रतियोगिताओं और बाल मेले सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कुछ विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाकर लगाया, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने ग्राहक बनकर दुकानों से सामानों की खरीदारी की।

इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को व्यापार, खरीद-बिक्री और व्यवहारिक ज्ञान का अनुभव भी मिला। पूरे आयोजन के दौरान बच्चे उत्साहित और प्रसन्नचित नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के संरक्षक सुरेश तिवारी ने कहा कि देश के महान राष्ट्रनायक पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा लिखित पुस्तक ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ प्रत्येक भारतीय को अवश्य पढ़नी चाहिए। इससे देश के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता की महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के साथ ही नई सीख भी प्राप्त होगी।

वहीं प्रधानाचार्य ओम प्रकाश चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावसायिक एवं व्यवहारिक शिक्षा देना भी आवश्यक है। इससे बच्चे अपने कर्तव्यों और दायित्वों को समझने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।

इस अवसर पर श्रवण कुमार पाण्डेय, अनुराग त्रिपाठी, कृष्ण देव, सगीर खान, शशि पटेल, चंद्रभान देव, मनीष दूबे, पूजा सिंह, निधि सिंह, पूजा पाण्डेय, श्वेता सिंह, पूजा भारती, पायल सोनी, नेहा पाण्डेय, वैष्णवी, श्रेया पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।