संवाददाता@रामबली मिश्रा….
समय पर शिकायत से मिली सफलता, साइबर टीम ने पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में कराई वापस

साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 37,731.20 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पूरी रकम खाते में वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी गांव निवासी सौरभ मजूमदार पुत्र निर्मल मजूमदार के साथ अज्ञात व्यक्ति ने लिंक के माध्यम से पैसे भेजने का झांसा देकर 37,731.20 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से ठगी की धनराशि को होल्ड कराया।

इसके बाद आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंक को एमआरएम पोर्टल के माध्यम से रिफंड मनी रिक्वेस्ट भेजी गई। पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पूरी धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।

इनकी रही अहम भूमिका; धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय, कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण तथा महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय शामिल रहीं।

पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत करने पर ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।