मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

नकली और घटिया दवाओं की बिक्री रोकने के लिए औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान साईं हॉस्पिटल और श्रीराम हॉस्पिटल की फार्मेसी का निरीक्षण किया गया। टीम ने चार संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए।

औषधि निरीक्षक के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि विभाग और डीपीसीओ की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान कुछ कमियां मिलने पर उन्हें निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज किया गया है।

वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों के संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल और अभिलेख नहीं दिखा सके। इस पर संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

विभाग की ओर से बताया गया कि चार दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मेडिकल स्टोर और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

औषधि विभाग ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिया है कि कफ सिरप, नींद की दवाओं और अन्य नियंत्रित दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।