संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चोपन और ओबरा में उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर दोनों नगर पंचायतों की ओर से घाटों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सोन नदी और रेणुका छठ घाट पर साफ-सफाई से लेकर रंगाई-पुताई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पंचायत के कर्मचारी दिन-रात कार्य में जुटे हैं। घाटों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जा रही हैं, वहीं घाटों की सफाई और आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित करने का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। दोनों स्थानों पर आकर्षक सजावट के जरिए छठ महापर्व को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है।

इसी क्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने चोपन और ओबरा के छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, रोशनी, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने पर जोर दिया।

तैयारियों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, बड़े बाबू सहित अन्य कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं। प्रशासन और नगर पंचायत की कोशिश है कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।

गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हो चुकी है। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।

सूर्य उपासना, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक छठ महापर्व सोनभद्र में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चोपन के सोन नदी और ओबरा के रेणुका छठ घाटों पर चल रही तैयारियों से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।