ब्यूरो@जे0 के0…..
किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाने एवं 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश

Sonbhadra। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में धान खरीद के लिए कुल 86 क्रय केंद्र संचालित कर दिए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 34, भारतीय खाद्य निगम के 02 तथा मंडी समिति के 04 क्रय केंद्र शामिल हैं। शासन द्वारा जनपद को कुल 1,25,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दिनांक 13 नवंबर 2026 को खाद्य विभाग के 05 क्रय केंद्रों पर कुल 318.40 कुंतल धान की खरीद की गई है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ द्वारा किसानों से संपर्क स्थापित कर सभी क्रय केंद्रों पर नियमित रूप से धान खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अधिकाधिक किसानों को शासन की न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाया जाए। सभी क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ किसानों से धान खरीद सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को उनके विक्रय किए गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर कराना सुनिश्चित किया जाए।