संवाददाता@उपेंद्र तिवारी…..

आस्था, समर्पण और जनसहयोग की मिसाल बने महुली-फुलवार स्थित मलिया नदी छठ घाट पर नवनिर्मित सूर्य मंदिर में शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ। ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल की पहल और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से साकार हुए इस मंदिर में भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा और शिवलिंग की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

शुक्रवार शाम करीब चार बजे अयोध्या धाम से पधारे विद्वान आचार्य तेजभान त्रिपाठी और अमन शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का शुभारंभ कराया। मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक आयोजन में फुलवार के वरिष्ठ समाजसेवी संजय श्रीवास्तव अपनी धर्मपत्नी प्रियंका श्रीवास्तव के साथ सपत्नीक यजमान के रूप में शामिल हुए और विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।
शनिवार को धार्मिक अनुष्ठान के अगले चरण में भगवान भास्कर की प्रतिमा और भगवान शिव के शिवलिंग की विधिवत स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही मलिया नदी छठ घाट पर एक नए धार्मिक केंद्र की शुरुआत होगी।

सहयोग और समर्पण से तैयार हुआ सूर्य मंदिर;
मंदिर निर्माण की परिकल्पना को धरातल पर उतारने में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल की अहम भूमिका रही। उनके निरंतर प्रयास और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से मलिया नदी के तट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए सुंदर धार्मिक स्थल तैयार हुआ है। मंदिर निर्माण में दुद्धी विधानसभा प्रभारी संजय सिंह धुर्वे ने भगवान भास्कर की प्रतिमा भेंट की, जबकि दुद्धी ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने शिवलिंग प्रदान किया। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी संजय श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर में टाइल्स लगवाने के साथ मंदिर के लिए घंटा भी भेंट किया। क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देकर इस धार्मिक पहल को सफल बनाया।

छठ महापर्व को लेकर घाट पर अंतिम दौर में तैयारियां;
उधर, छठ महापर्व को लेकर छठ पूजा सेवा समिति महुली के अध्यक्ष कमलेश कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में समिति की पूरी टीम घाट को भव्य स्वरूप देने में जुटी हुई है। घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की आकर्षक सजावट, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर की स्थापना और छठ महापर्व की तैयारियों ने महुली-फुलवार सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर वीरेंद्र कुमार कन्नौजिया, विजेंद्र कन्नौजिया, राजकपूर कन्नौजिया, श्याम बिहारी कन्नौजिया, सुशील गुप्ता, अमरेश कुमार कन्नौजिया, राजनाथ गोस्वामी, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।