संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय……

साइबर अपराधियों ने ट्रक का चालान जमा करने के नाम पर एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। हालांकि, चोपन पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस मिल गई। खाते में मेहनत की कमाई वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाला के बारी निवासी विनय कुशवाहा पुत्र लल्लू प्रसाद कुशवाहा के साथ 4 जून 2026 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। साइबर अपराधियों ने ट्रक का चालान जमा करने के नाम पर यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं नोडल अधिकारी ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क ने बैंक ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। संदिग्ध लेनदेन को ट्रेस कर संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक ई-मेल और नोडल स्तर पर पत्राचार के बाद ठगी की रकम को होल्ड एवं फ्रीज कराया गया। इसके बाद नियमानुसार रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी कराकर पीड़ित के मूल बैंक खाते में पूरी एक लाख रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी;
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर या स्रोत से प्राप्त एपीके (APK) फाइल डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें। मोबाइल में अनजान ऐप को इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें और बिना जरूरत किसी ऐप को एसएमएस, कॉल या स्क्रीन एक्सेस जैसी परमिशन न दें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई रकम को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अभयनाथ यादव और महिला आरक्षी शैलजा सिंह शामिल रहीं।
एक लाख रुपये की पूरी धनराशि वापस मिलने के बाद विनय कुशवाहा ने चोपन पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।