ब्यूरो@जे0 के0…
जनपद में जनसंख्या गणना के लिए 4,469 गणना ब्लॉक निर्धारित, 4,428 कार्मिकों की तैनाती; सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण पूर्ण

Sonbhadra । भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना-2027 का कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जा रहा है। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून, 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। अब द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपदवासी 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना की प्रक्रिया के तहत सर्वप्रथम आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी भाषा का चयन करते हुए मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद परिवार के निवास स्थान का सत्यापन कर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी। सभी विवरणों की जांच करने के बाद जानकारी सबमिट करनी होगी।

स्व-गणना पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना होगा तथा प्रगणक के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराना होगा, जिससे दर्ज की गई जानकारी का आवश्यक सत्यापन किया जा सके।
जनगणना कार्यक्रम के अनुसार 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात 05 जनवरी से 09 जनवरी, 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य संपन्न कराया जाएगा।

जनपद में 16 चार्ज अधिकारी नामित, 4,469 गणना ब्लॉक निर्धारित;
जनपद सोनभद्र में जनगणना-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कुल 16 चार्ज अधिकारी नामित किए गए हैं, जिनमें 04 ग्रामीण एवं 12 नगरीय चार्ज शामिल हैं। पूरे जनपद में कुल 4,469 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इस कार्य के लिए कुल 4,428 कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिनमें 3,781 प्रगणक एवं 647 सुपरवाइजर शामिल हैं।
जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्य के लिए 02 मास्टर ट्रेनर एवं 68 फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की;
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा 16 से 30 नवम्बर, 2026 तक आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने एवं अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना के उपरांत प्राप्त पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखें तथा घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। अतः सभी जनपदवासी प्रशासन को सहयोग प्रदान करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।