संवाददाता@अनिल अग्रहरी……
बोली- साहब! सड़क और पुलिया बनवा दीजिए, ताकि सुरक्षित स्कूल जा सकें

विकास खंड चोपन की ग्राम पंचायत पड़रछ के टोला गुलरिहवा में करीब 30-32 परिवार आज भी सड़क और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों के आवागमन का एकमात्र रास्ता वर्षों से बदहाल है। करीब तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण न होने और बीच में पड़ने वाले नाले पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या को लेकर युवा नेता दीपू विजय शर्मा ने ग्रामीणों के साथ नाले में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आठवीं कक्षा की छात्रा खुशी कुमारी ने जिलाधिकारी से भावुक अपील करते हुए कहा, “साहब! हमारे गांव में सड़क और पुलिया बनवा दीजिए, ताकि हम बच्चे बिना डर और परेशानी के स्कूल आ-जा सकें।”

वहीं छात्र विनय कुमार ने बताया कि पिछले बरसात में स्कूल से घर लौटते समय वह नाले के तेज बहाव में बहकर कुछ दूर चला गया था। उसके साथियों ने साहस दिखाकर उसे बचाया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में नाला उफान पर आने के बाद गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुलिया के अभाव में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मजदूरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने जिलाधिकारी से करीब तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण कराने और नाले पर प्राथमिकता के आधार पर पुलिया बनवाने की मांग की।

युवा नेता दीपू विजय शर्मा ने कहा कि यह महज सड़क और पुलिया का मामला नहीं, बल्कि 30-32 परिवारों की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा और बेहतर जीवन से जुड़ा सवाल है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।