संवाददाता@आनंद गुप्ता……

दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार शाम करीब 4 बजे विंढमगंज थाना परिसर में थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल, स्थानीय व्यापारियों एवं ग्राम प्रधानों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने व्यापारियों से अपील की कि दीपावली के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशमन यंत्र दुरुस्त रखें। दुकानों की गलियों के ऊपर लगाए गए प्लास्टिक तिरपाल को हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी आपात स्थिति में आवागमन में बाधा न हो।

उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थान पर ही की जाए और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई। थाना निरीक्षक ने बताया कि त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा रात्रि गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

इस दौरान व्यापारियों ने बाजार में पुलिस पिकेट बढ़ाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग रखी। थाना निरीक्षक ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी, ग्राम प्रधान दिनेश प्रसाद यादव, सुजीत कुमार, समर गुप्ता, भोला प्रसाद यादव, बाबूलाल पासवान मौजूद थे।

साथ ही इंद्रमणि कुशवाहा, गरीब पाल, लखन कुमार, रामचंद्र, ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, श्रीखंड चौबे, मनोज कुमार गुप्ता, विकास जायसवाल, पप्पू यादव, मुकेश गुप्ता, राम प्रसाद यादव, राकेश, संजय कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश यादव, अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।