मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

मेडिकल कॉलेज लोढ़ी स्थित ट्रामा सेंटर में कथित अव्यवस्थाओं, डॉक्टरों की लापरवाही और मरीजों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के जिला अध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की।

जिला अध्यक्ष रविकांत ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर के विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई नहीं होती है। शौचालय और बाथरूम की स्थिति बेहद खराब है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक समय से उपलब्ध नहीं रहते, जबकि वार्डों का संचालन सीमित स्टाफ और स्टाफ नर्स के सहारे किया जा रहा है।

लिफ्ट खराब रहने, पंखे और लाइट की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने तथा मरीजों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने मांग की कि अस्पताल में नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले सफाई ठेकेदार पर कार्रवाई हो। मरीजों के लिए आरओ और वाटर कूलर लगाए जाएं। आयुष्मान कार्ड से इलाज सुनिश्चित करने, मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराने और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बाहर से मंगाने पर रोक लगाने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में इमरजेंसी वार्ड में अनुभवी डॉक्टरों की तैनाती, रात में एल-2 भवन की इमरजेंसी में दो डॉक्टरों की ड्यूटी, ब्लड जांच की रिपोर्ट समय से देने, जनरेटर की नियमित व्यवस्था, वार्डों में डस्टबिन लगाने तथा स्टाफ की कमी दूर करने की मांग शामिल है। साथ ही मरीजों और तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार रोकने तथा निविदा कर्मचारियों का वेतन समय से भुगतान करने की मांग उठाई गई।

रविकांत ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर 16 अक्टूबर को भी प्राचार्य को पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। प्रदर्शन में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राहुल राव, जिला प्रभारी एडवोकेट रवि शंकर, जिला उपाध्यक्ष डॉ. ऋषि राज, विधानसभा अध्यक्ष दुद्धी अमरेश, विधानसभा अध्यक्ष घोरावल कमलेश कुमार, जिला महामंत्री अरुण कुमार

जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, दिनेश मास्टर, सुरेंद्र जाटव, अशोक कुमार, गंगासागर, रोशन राव, सुनील कुमार एडवोकेट, आरती पटेल और केवल दादा सहित भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।