संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल….
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर टीम की कार्रवाई, पीड़ित को मिली राहत

साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन थाना की साइबर टीम ने एक पीड़ित के 17 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रामगढ़ निवासी रिंकू कुमार पुत्र मानिकचंद कोनिया ने साइबर ठगी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोन थाना की साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए संबंधित बैंकों एवं साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई की। परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते से ठगी गई 17,000 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा के कुशल नेतृत्व में की गई। इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने साइबर टीम की सराहना की।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।