मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑफलाइन जमा करने की व्यवस्था बंद किए जाने से नाराज सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित धरने की अध्यक्षता संगठन के उपाध्यक्ष रामराज राम ने की।

पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पेंशनर शामिल हुए। इस दौरान जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन माध्यम से भी स्वीकार करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि चिकित्सा विभाग ने एक अक्टूबर से ऑफलाइन बिल लेना बंद कर दिया है।

अधिकांश पेंशनरों का ईएचआरएमएस कोड पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है और बुजुर्ग पेंशनरों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हो रही है। इससे चिकित्सा बिलों का भुगतान रुकने के साथ उनके उपचार पर भी संकट उत्पन्न हो रहा है।

धरने में अवधेश सिंह, सूरज प्रसाद पाठक, डॉ. विक्रमा प्रसाद, मिश्रीलाल चौरसिया, उदय लाल मौर्य, जय राम शर्मा, लक्ष्मण प्रसाद, विन्ध्यांचल पांडेय, जोखन राम, तिलकधारी, सच्चिदानंद ओझा और शिव प्रसाद पांडेय ने संबोधित किया।

धरने में प्रस्ताव पारित किया गया कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेश संगठन विधानसभा के समक्ष विशाल प्रदर्शन करेगा, जिसमें हजारों पेंशनर शामिल होंगे। अंत में अध्यक्ष रामराज राम ने सभी का आभार व्यक्त किया।