मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन से जुड़ी तीन प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की। उन्होंने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

कौशल शर्मा ने सबसे पहले वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने टोल वसूली में पारदर्शिता, सड़क के नियमित रखरखाव, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तथा यात्रियों को पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क पर गहरी रटिंग और सर्विस लेन में गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

दूसरे मुद्दे में उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बिचपई, बढ़ौली, पुसौली और उरमौरा गांवों में पेयजल व्यवस्था की बदहाली का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कई घरों में अभी तक नल कनेक्शन नहीं लगे हैं और नियमित जलापूर्ति भी नहीं हो रही है। इसकी स्थलीय जांच कराकर समस्या दूर करने की मांग की।

तीसरे मुद्दे में फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन पर रोक लगाने तथा निर्धारित रोडवेज परिसर से बसें चलवाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक में उठे मुद्दों का समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।