मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जीएसटी एमनेस्टी योजना को सरल बनाने, विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान और व्यापारियों को अनावश्यक विभागीय कार्रवाई से राहत दिलाने की मांग की गई।

राजेश गुप्ता ने मांग की कि रॉबर्ट्सगंज में जीएसटी एमनेस्टी हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, जिससे व्यापारियों को योजना का लाभ लेने में आसानी हो। इसके साथ ही चोपन, ओबरा, रेणुकूट, डाला और दुद्धी में जागरूकता शिविर आयोजित कर व्यापारियों को योजना की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी जाए।

उन्होंने कहा कि एमनेस्टी योजना के दौरान व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर अनावश्यक सर्वे और छापेमारी जैसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। साथ ही किसी व्यापारी का बैंक खाता फ्रीज करने जैसी कार्रवाई से भी बचा जाए। जीएसटी पोर्टल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए नोडल अधिकारी नामित करने तथा लंबित अपीलों की वापसी की प्रक्रिया को फास्ट ट्रैक पर पूरा कराने की मांग भी उठाई।

इसके अलावा जनपद के प्रमुख बाजारों में विद्युत सुरक्षा से संबंधित विशेष कैंप आयोजित कराने की मांग की गई, ताकि व्यापारियों को बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ ही विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल की ओर से दिए गए सुझावों को व्यावहारिक बताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जल्द निर्देशित करने का आश्वासन दिया।