मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…सीसीटीवी कैमरों की जांच कर सक्रिय रखने के निर्देश, पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से साझा किए मोबाइल नंबर

आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज के साथ कस्बे के बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार के प्रमुख प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया और स्वर्ण व्यवसायियों से मुलाकात कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।

इस दौरान व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने स्वर्ण प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और उन्हें हमेशा सक्रिय एवं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय जरूरी है।