मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज परिसर में व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की।

बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और बाजारों सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।

क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, दुकानों के सामने अतिक्रमण नहीं करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।