ब्यूरो@जे0 के0…..
विभीषण शरणागति और अंगद-रावण संवाद के सजीव मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, कलाकारों की शानदार अदाकारी पर गूंजती रहीं तालियां

Sonbhadra। दुद्धी ब्लॉक के फुलवार जुड़वानिया में आयोजित सरस्वती नाट्य कला के मंचन के दूसरे दिन रामायण के प्रसंगों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर विभीषण शरणागति और अंगद-रावण संवाद का ऐसा जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया कि दर्शक देर रात तक मंचन का आनंद लेते रहे। कलाकारों के दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद और बेहतरीन कलात्मक प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सरजू प्रसाद गुप्ता, पूर्व ग्राम प्रधान रमेश यादव तथा फुलवार के समाजसेवी बिहारी चेरो उपस्थित रहे। नाट्य कला समिति के अध्यक्ष एवं विंढमगंज मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मंचन के दौरान अंगद-रावण संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। निर्देशक मुनेश्वर प्रसाद कन्नौजिया ने रावण का प्रभावशाली अभिनय किया, जबकि अंगद की भूमिका अनुज कुमार कन्नौजिया ने दमदार अंदाज में निभाई। वहीं हनुमान के पात्र में अनुज कुमार गुप्ता और विभीषण के किरदार में रंजीत कुमार गुप्ता ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। रावण के पात्र में नुरूल हुदा का अभिनय भी उल्लेखनीय रहा।

व्यास की भूमिका अनूप कुमार कन्नौजिया ने निभाई, जबकि संपूर्ण नाट्य मंचन का निर्देशन मुनेश्वर प्रसाद कन्नौजिया ने किया। रामायण के प्रसंगों के माध्यम से कलाकारों ने धर्म, सत्य, मर्यादा, निष्ठा और अहंकार के पतन का संदेश दिया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष पंकज कुमार कन्नौजिया, प्रबंधक मुकेश कुमार गुप्ता, सचिव शारदा प्रसाद, महामंत्री डॉ. राजेश्वर गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष विजय कुमार कन्नौजिया सहित समिति के पदाधिकारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।

कार्यक्रम में सुभाष भारती, त्रिपुरारी सिंह समाजसेवी महुली सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।