पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा….

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर पांच में बसुवा पोखर के पास सड़क की हालत पूरी तरह जर्जर हो गई है। करीब 300 मीटर लंबी सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

खासकर बरसात के दिनों में सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। पैदल आने-जाने वाले लोग फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय निवासी कमलेश यादव ने बताया कि बसुवा पोखर के पास स्थित यह सड़क कई वर्षों से जर्जर है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात के समय सड़क पर कीचड़ भर जाने से लोगों को काफी दिक्कत होती है।

वहीं गोलू ने बताया कि लगभग 300 मीटर तक सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

स्थानीय निवासी रमेश, लालू, प्रमोद, अखिलेश, महेंद्र, गोलू, कमलेश और राजेश सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।