संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..
— मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से लगी भक्तों की कतार, सुरक्षा में पुलिस एवं पीएसी तैनात

स्थानीय शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर रानीबारी, शक्तिनगर में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातःकाल मंगला आरती के पश्चात मंदिर में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ। मंदिर के पारंपरिक प्राचीन मार्ग एवं नए प्रवेश द्वार से श्रद्धालुओं की कतार लग गई। हाथों में प्रसाद, नारियल, चुनरी, माला और पुष्प लेकर पहुंचे भक्तों ने मां के दरबार में शीश झुकाकर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
नवरात्र के प्रथम दिन सुबह से ही स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए तीर्थयात्रियों के पहुंचने का क्रम जारी रहा। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां भगवती की पूजा-अर्चना की।

नौ दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान:
मंदिर के तीर्थ पुरोहित पंडित वेदांती मिश्रा ने बताया कि शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक माता रानी के दरबार में दुर्गा सप्तशती पाठ, देवी पूजन, हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान निरंतर संपन्न होंगे। नवरात्र के प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति की उपासना, श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक साधना का विशेष अवसर है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं पीएसी तैनात:
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी सत्येंद्र राय के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं पीएसी के जवानों को मंदिर परिसर और आवागमन के प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों द्वारा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन कराने तथा भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है, ताकि नवरात्र के दौरान भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।