ब्यूरो@जे0 के0…..
संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में हुआ आयोजन, वरिष्ठ अधिवक्ता राम प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित

Sonbhadra। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सभागार में संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व और उसमें निहित लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राम प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान रखना और उसके आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। अधिवक्ता समाज संविधान और कानून के शासन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। संविधान की प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने वंचित, शोषित, गरीब और कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा अपने अधिकारों की रक्षा करने का मजबूत आधार प्रदान किया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगजीवन सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव ने किया।
इस अवसर पर चौधरी यशवंत सिंह, राजेश कुमार यादव, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, संतोष कुमार यादव, शाहनवाज आलम खान, कामता प्रसाद, रामगुल्ली, चतुर्भुज शर्मा, दशरथ यादव, उपेंद्रनाथ, टीटू प्रसाद गुप्ता, रोहित यादव, लाल बहादुर पाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।