मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..निजी पैथोलॉजी के चक्कर और महंगे खर्च से मिलेगी मुक्ति

ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में बुधवार से थायरॉयड जांच की सुविधा शुरू हो गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आईजेन भट्टाचार्य ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर इस सुविधा का शुभारंभ किया। लंबे समय से मरीजों द्वारा इस जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी।

अब मरीजों को थायरॉयड की जांच के लिए निजी पैथोलॉजी का रुख नहीं करना पड़ेगा। खास बात यह है कि यह जांच पूरी तरह निःशुल्क होगी, जिससे मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज में अब T3, T4 और TSH यानी थायरॉयड प्रोफाइल की जांच की जा सकेगी। निजी पैथोलॉजी में महंगी होने वाली इन जांचों के लिए मरीजों को अब अनावश्यक भागदौड़ और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आईजेन भट्टाचार्य ने कहा कि जब से उन्होंने यहां कार्यभार संभाला है, तभी से कॉलेज में उपलब्ध उपकरणों को जल्द से जल्द क्रियाशील करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में थायरॉयड जांच शुरू की गई है।

उन्होंने बताया की इस उपकरण के माध्यम से हार्मोनल और कई विशेष जांचें भी की जा सकती हैं। आने वाले दिनों में धीरे-धीरे अन्य जांच सुविधाएं भी शुरू कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को अधिक से अधिक जांच की सुविधा मेडिकल कॉलेज में ही मिल सके।

गौरतलब है कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज में डिजिटल एक्सरे की सुविधा भी शुरू की गई है। लगातार बढ़ती जांच सुविधाओं से मरीजों को बाहर की पैथोलॉजी और निजी केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। इससे न केवल मरीजों बल्कि उनके परिजनों को भी समय और पैसे की बचत होगी।

उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों को सक्रिय कर मरीजों के हित में सुविधाओं का विस्तार करने की पहल को स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौमित्र चक्रवर्ती, नोडल अधिकारी डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. अपूर्व झा, डॉ. मनोज यादव, डॉ. स्मृति भास्कर, डॉ. ज्योति अग्रवाल, हेमराज पांडेय, किरण तिवारी, अमन पांडेय, अंकुर सिंह, अखिलेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।