मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

होटल और रेस्टोरेंटों में आग लगने की घटनाओं से बचाव तथा आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज कस्बे में सोनभद्र पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से सघन अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया गया।

इस दौरान विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों में लगे अग्निशमन उपकरणों की जांच की गई और कर्मचारियों को उनके इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान अग्निशमन अधिकारी ने प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की क्रियाशीलता परखी।

कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने और अग्निशमन यंत्रों का सही तरीके से संचालन करने की जानकारी दी गई।

इस दौरान कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि आग लगने या धुएं से भवन में फंसने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी बरतें। धुएं से बचने के लिए नीचे झुककर अथवा रेंगते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने और खुद को सुरक्षित रखने के तरीके भी समझाए गए।

अग्निशमन विभाग ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिया कि अग्निशमन उपकरण हमेशा चालू हालत में और आसानी से उपलब्ध रहने चाहिए। साथ ही अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को जागरूक और प्रशिक्षित रखने पर जोर दिया गया।