चोपन संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय

देव दीपावली का पर्व इस बार बेहद भव्य और आकर्षक अंदाज में मनाया गया सोन नदी के तट पर आस्था, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सूर्यास्त होते ही 21 हजार दीपों की रोशनी से चोपन के विभिन्न घाट जगमगा उठे। सोनेश्वर महादेव घाट से लेकर नागेश्वरी घाट, छठ घाट, बजरंग घाट और शीतला घाट तक दीपों की अद्भुत छटा देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

वहीं समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, एसडीएम ओबरा ने सोनेश्वर घाट पर विधिवत आरती कर कार्यक्रम में सहभागिता की।

दरअसल, कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर चोपन की सोन नदी के तट पर सोन सेवा समिति की ओर से भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जैसे ही हजारों दीप प्रज्वलित हुए, पूरा सोन तट रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने सोन नदी में दीपदान कर पुण्य के भागी बने।

इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से बाबा सोनेश्वर की नगरी गूंज उठी। कार्यक्रम में काशी से पहुंचे गंगा आरती के कलाकारों ने सोन नदी के तट पर भव्य महाआरती प्रस्तुत की, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं सोन सेवा समिति की ओर से 24 घंटे अखंड हरिकीर्तन, भव्य भंडारा, आकर्षक रंगोली और सुर संग्राम कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

नाव के जरिए सोन नदी की लहरों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने दीपों से जगमगाते घाटों का अद्भुत नजारा देखने को मिला कुल मिलाकर चोपन की देव दीपावली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोनभद्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत कितनी समृद्ध है।

हजारों दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत, महाआरती और श्रद्धालुओं की आस्था ने सोन नदी के तट को काशी की देव दीपावली जैसा भव्य स्वरूप प्रदान किया गया ।वही चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता मेले मे मय फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लग रहे ।