मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

स्थानीय रेणुका नदी छठ घाट पर मंगलवार की देर शाम तक सामाजिक प्रगति परिषद द्वारा आयोजित भव्य देव दीपावाली महापर्व का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा व विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, श्रवण पासवान, सभासद संजय कन्नौजिया, सभासद अमित गुप्ता मौजूद रहे।

अतिथिगणों ने संस्था के मुख्य संरक्षक रहे पूर्व विधान परिषद सदस्य जय प्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। दीपों से सजा घाट ऐसा लग रहा था मानो स्वयं देवी देवता धरती पर उतर आए हो। काशी के विद्वानों द्वारा मां रेणूका नदी की महा आरती ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बताते चलें कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता का संगम बनने वाला ओबरा का देव दीपावली महोत्सव इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर गया।
सैकड़ों बच्चों ने रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर विभिन्न संदेशवाहक कलाकृतियों को घाट तट पर उकेरा। प्रतिभागियों ने रंगों और दीपों के माध्यम से समसामयिक सामाजिक विषयों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रमुख रूप से रंगोली के माध्यम से कहीं सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया तो कहीं पर्यावरण प्रदूषण, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को रेखांकित किया गया।

शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता और वर्ष 2026 से जुड़े निर्वाचन संबंधी विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया। वहीं एक ग्रुप के द्वारा अटूट प्रेम और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित रंगोलियों से भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई। रंगोलियों के चारों ओर मिट्टी के दीपों की सजावट ने प्रतियोगिता को देव दीपावली के उत्सव से जोड़ दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले डिवाइन क्रिएशन ग्रुप को 11 हजार रुपए, द्वितीय स्थान किड्स केयर इंग्लिश स्कूल को 5100 और तृतीय स्थान शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज को 2100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस वर्ष पूर्व एमएलसी जयप्रकाश चतुर्वेदी के निधन के कारण उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया।

आयोजन समिति के संरक्षक पंकज राय, अनिल राय, दीपक वर्मा, राहुल गुप्ता, आलोक पांडे, अधिवक्ता उमेश चंद्र शुक्ला, अध्यक्ष आशुतोष यादव, संयोजक अक्षय पांडे, कार्यक्रम संचालक अभिषेक अग्रहरी, अभिषेक सेठ, सभासद आनन्द जयसवाल, सभासद राकेश पासवान, समीर माली, कुमार सौरभ सिंह, मंगलेश यादव, रिजवान अहमद, अभिनव सिंह, सिद्धांत पटेल, विकास पाठक, प्रेम सागर, प्रिंस शर्मा, विभूति शुक्ला, विक्की जयसवाल इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
परिषद के संस्थापक सुशील मिश्रा संग्राम व आयोजक अरविंद सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।वही शाम को 51 हजार दीपों के प्रज्ज्वलन और काशी से आमंत्रित विद्वान पंडितों द्वारा मां रेणुका की आरती के साथ महोत्सव का मुख्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव मय फोर्स मौजूद रहे।