मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..फ्लाईओवर के नीचे रंगीन रोशनी के बीच बहता झरना बनेगा मुख्य आकर्षण, छह फीट ऊंची संगमरमर की प्रतिमा हुई स्थापित, जल्द होगा अनावरण

रॉबर्ट्सगंज नगर को सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद की पहल पर कई विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर के स्वर्ण जयंती चौक को नया स्वरूप देकर अटल चौक के रूप में विकसित किया जा रहा है। चौक का सौंदर्यीकरण अब अंतिम चरण में है। बुधवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की करीब छह फीट ऊंची संगमरमर की प्रतिमा क्रेन की मदद से स्थापित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और कारीगरों से प्रगति की जानकारी ली।

अटल चौक का सबसे खास आकर्षण फ्लाईओवर के नीचे तैयार किया जा रहा कृत्रिम झरना होगा। यहां रंगबिरंगी रोशनी के बीच ऊंचाई से नीचे की ओर बहता पानी ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेगा, मानो किसी रंगीन पहाड़ी से कलकल करता झरना नीचे की ओर गिर रहा हो।

पानी की धाराओं पर पड़ती अलग-अलग रंगों की रोशनी इस पूरे दृश्य को आकर्षक और जीवंत रूप देगी। फ्लाईओवर के नीचे विकसित किया जा रहा यह नजारा राहगीरों और नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।
इसी खूबसूरत झरने के सामने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की करीब छह फीट ऊंची संगमरमर की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा की स्थापना के लिए बुधवार को क्रेन की मदद ली गई। फिलहाल प्रतिमा को कपड़े से ढककर रखा गया है। चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने के बाद नगर पालिका परिषद की ओर से जल्द ही इसका विधिवत अनावरण कराया जाएगा। झरने की आकर्षक सजावट और अटल जी की भव्य प्रतिमा का संगम चौक को एक अलग पहचान देगा।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि पहले यह स्वर्ण जयंती चौक के नाम से जाना जाता था। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से इसे अटल चौक बनवाने की पहल की गई। उन्होंने कहा कि अटल जी ऐसे व्यक्तित्व के धनी नेता थे, जिन्हें देश में सभी दलों के लोग सम्मान देते थे। चौक का सौंदर्यीकरण कराते समय पहले से बने ढांचे को सुरक्षित रखा गया है। अधिक तोड़फोड़ करने के बजाय आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के साथ इसे नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।

रूबी प्रसाद ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज नगर को सुंदर बनाने के लिए अटल चौक के साथ अन्य स्थानों पर भी विकास और सौंदर्यीकरण की योजनाएं तैयार की गई हैं। दंडइत बाबा मार्ग पर भव्य झाँसी की रानी द्वार बनाया जाएगा। वहीं कचहरी चौक कों बाबा भीमराव अम्बेडकर चौक के नाम से बनाते हुए सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर के पुराने नेहरू पार्क का भी जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों के पूरा होने से रॉबर्ट्सगंज नगर की सुंदरता में चार चांद लगेंगे और नगर को एक नई पहचान मिलेगी। नगर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने की यह पहल शहर के विकास को नई दिशा देगी। निरीक्षण के दौरान सभासद अनवर अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।