पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत पारसी पांडे में रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग स्थित अंबेडकर मैदान में हाईटेंशन बिजली के तारों के नीचे लटकने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। मैदान में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के ऊपर बनी छत के काफी करीब से गुजर रहे तार स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।भीम आर्मी पार्टी के रॉबर्ट्सगंज नगर अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि इस मैदान में शादी-विवाह के सीजन में समारोह आयोजित होते हैं, जहां टेंट आदि लगाए जाते हैं। इसके अलावा गांव के बच्चे भी मैदान में खेलते हैं और समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, मैदान के एक छोर पर ट्रांसफार्मर लगा है। वहां से हाईटेंशन तार मैदान के बीच से होते हुए गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित खंभे तक पहुंचते हैं। दोनों खंभों के बीच अधिक दूरी होने के कारण तार नीचे की ओर झूल रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि तार पहले दो-तीन बार टूट भी चुके हैं, हालांकि उस दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ।

ग्रामीण लंबू, लालचंद, मारुति, आकाश, मक्खन, हरिराम, कुमार, सोनू सहित अन्य लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि हाईटेंशन लाइन को मुख्य मार्ग की ओर से ले जाने अथवा दोनों खंभों के बीच एक अतिरिक्त खंभा लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि तारों की ऊंचाई बढ़ सके और संभावित खतरे को कम किया जा सके।

इस संबंध में क्षेत्रीय अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नंबर पहुंच से बाहर होने के कारण बात नहीं हो सकी।

ग्रामीणों ने समाचार के माध्यम से बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।