मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..13 अक्टूबर को करमा के करकी माइनर में जनसभा करेंगे सांसद संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह 13 अक्टूबर को सोनभद्र के घोरावल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर शनिवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित होटल में पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम और जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता की।

जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे करमा क्षेत्र के पापी (करकी माइनर) स्थित मां विंध्यवासिनी इंटर कॉलेज में जनसभा आयोजित होगी। इसमें सांसद संजय सिंह जनपद के ज्वलंत मुद्दों पर जनता से सीधा संवाद करेंगे। शिक्षा और बेरोजगारी की समस्या, विंध्य एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों के मुआवजे एवं पुनर्वास और जिले की फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। इसके अलावा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी चर्चा होगी।

जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि जनपद में सामाजिक अन्याय, दलितों-आदिवासियों के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के मुद्दों को भी सांसद के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी संघर्ष करेगी।

रमेश गौतम ने बताया कि काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी और जिला प्रभारी सुनील पांडे के निर्देशन में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

प्रेस वार्ता में जिला संयुक्त महासचिव जसवंत कुमार मौर्य, कार्यक्रम संयोजक अंशुमान मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
