Last Updated:
शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ को काफी लोकप्रियता मिली. हर तरफ इस शो के चर्चे हैं और इसे काफी पसंद किया जा रहा है. शेखर सुमन के शो के लास्ट एपिसोड को लेकर बज बना था, लेकिन एक्टर ने अब इसे कैंसिल कर दिया. वो बताते हैं कि नाना पाटेकर इस सीजन के आखिरी मेहमान होने वाले थे, लेकिन उनके निधन के बाद वो उनकी यादों के साथ शो खत्म करना चाहते हैं.
शेखर सुमन ने अपने शो का लास्ट एपिसोड कैंसिल कर दिया है. (फोटो साभार इंस्टाग्राम shekhusuman, फाइल फोटो)
नई दिल्ली. शेखर सुमन का शो ‘शेखर टुनाइट’ शुरुआत से चर्चाओं में बना हुआ है. इस शो पर शिरकत करने के बाद से संजय दत्त खबरों में थे. शेखर सुमन के शो को काफी लोकप्रियता मिली, लेकिन अब फैंस के लिए एक दुखद खबर है. उन्होंने अपने शो का आखिरी एपिसोड कैंसिल कर दिया है. शेखर सुमन के शो के लास्ट एपिसोड में नाना पाटेकर बतौर गेस्ट पहुंचने वाले थे, लेकिन दिग्गज एक्टर के निधन के बाद शेखर ने फाइनल एपिसोड शूट न करने का फैसला किया है. वो अपने पोस्ट में कहते हैं कि वो नाना की यादों के साथ इस सीजन को खत्म करना चाहते हैं.
शेखर सुमन ने नाना पाटेकर के निधन पर खेद जताते हुए पोस्ट शेयर किया. उन्होंने वीडियो शेयर कर बताया कि ‘शेखर टुनाइट’ के आखिरी एपिसोड में नाना पाटेकर बतौर गेस्ट पहुंचने वाले थे. होस्ट कहते हैं, नाना पाटेकर की जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है. उन्होंने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा कि नाना एक निडर, साहसी और ईमानदार इंसान थे. उनकी सादगी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत थी.
नाना पाटेकर के निधन के बाद शेखर सुमन ने कैंसिल किया शो
शेखर ने बताया कि नाना पाटेकर ने उनके शो की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि वो रोजाना शेखर टुनाइट देखते थे. शेखर सुमन का कहना है कि नाना पाटेकर ने उन्हें बताया था कि उन्हें उनमें अपनी झलक दिखती थी. शेखर के मुताबिक, नाना ने उन्हें बताया था कि उन्हें कई कार्यक्रमों में आने के ऑफर मिलते हैं, लेकिन वह कहीं नहीं जाते. हालांकि, उनके शो में आने की इच्छा उन्होंने खुद जाहिर की थी.
नाना पाटेकर के निधन से टूटे शेखर सुमन
‘शेखर टुनाइट’ के होस्ट ने इस बात को अपने लिए बड़े सम्मान की तरह बताया. उनके लिए यह किसी बड़े पुरस्कार से कम नहीं था कि नाना पाटेकर जैसे वरिष्ठ कलाकार उनके शो का हिस्सा बनने के लिए तैयार हुए थे. एक्टर ने अपनी फिल्म का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने दिग्गज एक्टर के साथ काम किया था, लेकिन नाना पाटेकर और शेखर सुमन की फिल्म कभी रिलीज ही नहीं हो पाई.
View this post on Instagram
