मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस के अवसर पर गुरुवार को अखिल भारतीय किसान सभा एवं उत्तर प्रदेश किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने जिला मंत्री कॉ. नंदलाल आर्य के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों और मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए केंद्र सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने की अपील की गई।

किसान सभा के नेताओं ने कहा कि 2020 में शुरू हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने किसानों से कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। ज्ञापन में एमएसपी पर सी2+50 प्रतिशत के आधार पर कानूनी गारंटी, सभी फसलों की खरीद, किसानों की पूर्ण कर्जमाफी, भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता रद्द करने और किसानों की जमीन का जबरन अधिग्रहण रोकने की मांग की गई।

इसके अलावा चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये मासिक करने, मनरेगा में 200 दिन काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसान-मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग उठाई गई। नेताओं ने बिजली निजीकरण पर रोक, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, मुफ्त सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और किसान आंदोलन के शहीद 736 किसानों की स्मृति में स्मारक बनाने की मांग भी रखी।

नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर किसान-मजदूर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिला संयोजक कॉ. प्रेमनाथ, जिला उपाध्यक्ष कॉ. श्याम नारायण सिंह, कॉ. महेंद्र सिंह, खेमयू अध्यक्ष कॉ. पुरुषोत्तम, कॉ. लल्लन राम और कॉ. रामेश्वर विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।