ब्यूरो@जे0 के0….
लोहरा पावर हाउस के पास वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर भीषण हादसा, राखड़ लदा ट्रेलर डिवाइडर पार कर दूसरे ट्रक से टकराया, दोनों वाहनों में लगी आग

Sonbhadra। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के लोहरा पावर हाउस के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। राखड़ लदे ट्रेलर का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इसी दौरान एक बाइक सवार भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों और बाइक में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रेलर चालक और बाइक सवार की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर संख्या BR 24 GC 7544 का चालक अभय (34), पुत्र भिख्खू राम, निवासी लालपुर नौडीहा, जनपद मिर्जापुर, अपने खलासी गोलू पाल के साथ खड़िया से राखड़ लादकर बस्ती जा रहा था। लोहरा पावर हाउस के पास अचानक ट्रेलर का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर डिवाइडर पार कर वाराणसी से शक्तिनगर की ओर जा रहे ट्रक संख्या UP 65 ET 2850 से टकरा गया।

दूसरे ट्रक को मनोहर (40), पुत्र स्वर्गीय सियाराम, निवासी नान्हूपुर, थाना अदलहाट, मिर्जापुर चला रहा था। उसके साथ खलासी सुख्खू राजभर भी मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों और बाइक में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
हादसे के दौरान दूसरे ट्रक का चालक मनोहर वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि उसका खलासी सुख्खू राजभर घायल हो गया। वहीं ट्रेलर चालक अभय की आग और दुर्घटना में आई चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर के खलासी गोलू पाल को भी घायल अवस्था में एंबुलेंस से मेडिकल चिकित्सालय लोढ़ी भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। बाइक सवार मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक वर्मा, सीओ रणधीर मिश्रा, रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और सुकृत चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस लोढ़ी भेज दिया।
हादसे के चलते वाराणसी से शक्तिनगर की ओर जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग की लेन कुछ समय तक बाधित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

सीओ रणधीर मिश्रा के मुताबिक, लोहरा पावर हाउस के पास राखड़ लदे ट्रेलर का अचानक टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। इसी दौरान एक बाइक सवार भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद दोनों ट्रकों और बाइक में आग लग गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।