संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…

संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पिपरी थाना परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने थाने में उपस्थित सभी उपनिरीक्षकों एवं पुलिसकर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान में सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया गया है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक के साथ समान व्यवहार करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि कानून का पालन कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पुलिस बल को संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में उतारना चाहिए। समाज के सभी वर्गों के साथ निष्पक्षता और संवेदनशीलता से पेश आते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

इस अवसर पर उपस्थित सभी उपनिरीक्षकों एवं सिपाहियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों, मूल कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।