संवाददाता@वीरेंद्र यादव….
एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर पहल के तहत निःशुल्क ट्रिपल सी प्रशिक्षण शुरू, परियोजना प्रमुख ने छात्राओं का बढ़ाया उत्साह

एनटीपीसी सिंगरौली की ओर से सीएसआर के तहत ग्रामीण बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 30 छात्राओं के लिए निःशुल्क ट्रिपल सी (कंप्यूटर कॉन्सेप्ट) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कर्मचारी विकास केंद्र में समाज कल्याण सेवा संस्थान सोसाइटी के माध्यम से संचालित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण छात्राओं को तकनीकी कौशल से जोड़कर शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव तथा वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला ने किया। इस दौरान महाप्रबंधक अगम प्रकाश तिवारी सहित वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याएं मौजूद रहीं। परियोजना प्रमुख ई. प्रभाकर राव ने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और भविष्य की आकांक्षाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर का ज्ञान शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के लिए अनिवार्य हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और नौकरी के साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।

वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला ने भी छात्राओं को पूरे मनोयोग और आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और शिक्षा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी, ऑपरेटिंग सिस्टम, वर्ड प्रोसेसिंग, स्प्रेडशीट, प्रेजेंटेशन, इंटरनेट, ई-मेल एवं ऑनलाइन सेवाओं का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।

इससे उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और कंप्यूटर आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सिंगरौली पूर्व में भी सीएसआर के तहत कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर चुका है, जिससे कई प्रतिभागियों ने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा संयोजन आदर्श, कार्यपालक (सीएसआर) ने किया।