संवाददाता@उपेंद्र तिवारी…..
रेफर होने के बावजूद घंटे भर तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाने को मजबूर हुए परिजन

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में बुधवार देर शाम नेशनल हाईवे-39 पर पंचायत भवन के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने घर के बाहर खड़े अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में अधेड़ और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जहां ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, वहीं स्वास्थ्य विभाग की लचर एंबुलेंस व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। रेफर किए जाने के बावजूद घंटे भर तक एंबुलेंस न मिलने के कारण गंभीर रूप से घायल युवक को निजी वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज ले जाना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीड़र गांव निवासी चंद्रपाल कुशवाहा (50) पुत्र दुखी अपने घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एनएच-39 पर दुद्धी के तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार कमलेश (23) पुत्र बुद्धिनारायण निवासी पकड़ेवा खोखा, गरदरवा ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और चंद्रपाल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।चिकित्सकों के मुताबिक, चंद्रपाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और पैर में फ्रैक्चर की आशंका है, जबकि बाइक सवार कमलेश के सिर में गहरी चोट लगी है। उधर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन करीब एक घंटे तक एंबुलेंस अस्पताल नहीं पहुंची। इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बाइक सवार कमलेश की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
मौके पर मौजूद बीडीसी विजय नारायण कुशवाहा और कार्यवाहक प्रधान श्रवण कुमार ने एंबुलेंस सेवा की बदहाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने स्वयं कई बार एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन शुरू में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तीसरी चौथी बार फोन करने पर एंबुलेंस कर्मियों ने एक घंटे बाद पहुंचने की बात कहीं ।

एंबुलेंस के इंतजार में बेटे की बिगड़ती हालत देख सीएचसी पहुंचे कमलेश के पिता का सब्र जवाब दे गया। समय पर सरकारी मदद न मिलते देख उन्होंने आनन फानन में एक निजी वाहन की व्यवस्था की और अपने घायल बेटे को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज रवाना हुए। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि एन एच -39 हाईवे व क्षेत्र में अक्सर हादसे होते रहते हैं, ऐसे में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा का समय पर उपलब्ध न होना मरीजों की जान पर भारी पड़ सकता है।