संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय….

वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर चोपन थाना क्षेत्र के बेरियर के समीप शुक्रवार को दो हाइवा वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक हाइवा का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

घायल चालक की पहचान विजय यादव (50), पुत्र गम्मा लाल, निवासी भवानीपुर, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। हादसे में उनका बायां पैर टूट गया। रेस्क्यू के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाला की ओर जा रहा एक हाइवा प्लास्टिक से ढका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहा खाली हाइवा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले हाइवा का चालक केबिन में फंस गया। वहीं, आगे वाले हाइवा का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही चोपन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली। फिलहाल आगे वाले हाइवा में लदे सामान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है।