मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..स्ट्रेचर की कमी, सुरक्षा गार्डों के व्यवहार और जांच सुविधाओं का मुद्दा उठा

राजकीय मेडिकल कॉलेज, सोनभद्र के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. आई. जेन भट्टाचार्य ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर मेडिकल कॉलेज की वर्तमान व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अस्पताल में जो भी कमियां हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया। इस पर प्राचार्य ने स्वीकार किया कि कुछ संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा कि आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मरीजों को अस्पताल में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मेडिकल कॉलेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों के कथित दुर्व्यवहार का मामला भी पत्रकारों ने उठाया। बताया गया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कई बार सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर परेशानी होती है। प्राचार्य ने कहा कि यदि ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। मरीजों और तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों के रजिस्ट्रेशन और भर्ती के दौरान आवश्यक आभा आईडी बनवाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मरीजों को भर्ती कराने में अनावश्यक परेशानी न हो। ब्लड जांच की व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों को समय से जांच रिपोर्ट मिल सके और चिकित्सक जल्द उपचार शुरू कर सकें।

एमआरआई जांच की सुविधा को लेकर प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में फिलहाल सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। सीटी स्कैन संचालित करने वाली संस्था से बातचीत कर एमआरआई सुविधा भी शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को आधुनिक संसाधनों, बेहतर चिकित्सा सेवाओं और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. अमृत राय, डॉ. अवनीश शाह समेत अन्य चिकित्सक एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे।

