संवाददाता@रामबली मिश्रा….

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जरहा के टोला पोथीपाथर में गुरुवार सुबह राखड़ लदी हाइवा का टायर फटने से सड़क पर बिखरी गिट्टी के छिटकने से सड़क किनारे बैठे पांच लोग घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आनन-फानन में सभी घायलों को स्थानीय चिकित्सकों के यहां पहुंचाकर उपचार कराया। उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और घायलों के परिजनों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया और राखड़ परिवहन कर रहे वाहनों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि राखड़ लदी हाइवा से लगातार राख गिरने के कारण सड़क पर धूल और राख का गुबार उड़ता रहता है। इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने यातायात व्यवस्था बहाल कराते हुए छोटी गाड़ियों सवारी गाड़ियों का आवागमन चालू कराया और राखड़ लदी हाइवा को सड़क किनारे खड़ा कराया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि टायर फटने के दौरान सड़क पर छिटकी गिट्टी की चपेट आने से सुंदर लाल पुत्र शिव लाल, सुकवारिया पत्नी शिवराज, शिवम पुत्र राम नारायण, मोनू पुत्र रामनारायण और उदय चंद समेत अन्य घायल हुए हैं। सभी का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया है ।

ग्रामीणों की मांग हैं कि: 1- राखड़ परिवहन बंद गाड़ी (बलकर) से हो,
2- सड़क पर दोनों पाली में पानी का छिड़काव हो, 3- बीजपुर बख्रिहवा मार्ग का निर्माण हो। एनटीपीसी रिहंद परियोजना के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है। सूचना पर पहुँचे ब्लाक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोड़,तहसील प्रशासन के तरफ से नायाब तहसीलदार अमजद अली खान कानूनगो गंगा प्रसाद सिंह,
एनटीपीसी प्रबंधन की तरफ से प्रदीप कुमार (उपमहाप्रबंधक) धर्मेंद्र गिरी वरिष्ठ प्रबंधक और ग्रामीणो के बीच वार्ता में निर्णय हुआ कि बच्चों के स्कूल आने जाने के समय सुबह सात से नौ बजे और सायं छः बजे से आठ बजे तक राखंड की गाड़ियां नहीं चलेगी।
राख की धुलाई बंद वाहन बलकर से कराया जाय, सुबह शाम पानी का छिड़काव बीजपुर से बकरिहवा तक किया जाय,राखंड की गाड़ियों से दुर्घटना होने पर क्षतिपूर्ति राखंड ढुलाई के ठीकेदार द्वारा किया जाएगा इन सब बिंदुओं पर हुए समझौता के बाद अपरान्ह चार बजे आवागमन बहाल हो सका।घंटों जाम में फंसे रहे राहगीरों ने राहत की सांस ली।
