मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..जैत गांव में ट्रांसफार्मर भी झुका, ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र से सटे ग्राम पंचायत जैत में बिजली व्यवस्था ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। गांव में जगह-जगह झुके बिजली के खंभे, लटकते तार और कमजोर हो चुके स्टे वायर हादसे का खतरा पैदा कर रहे हैं। वहीं, गांव में दो खंभों पर रखा बड़ा ट्रांसफार्मर भी धीरे-धीरे झुकता जा रहा है। ट्रांसफार्मर के आसपास पानी जमा होने और मिट्टी गीली रहने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर के आगे लगे कई बिजली के खंभे भी काफी झुक गए हैं। एक खंभे का स्टे वायर टूट चुका है और खंभे में दरार भी दिखाई दे रही है।

खंभों के झुकने से बिजली के तार नीचे की ओर लटक रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन खंभों और तारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।

विद्युत व्यवस्था की इसी स्थिति के बीच हाल में दो घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार करीब 15-20 दिन पहले ट्रांसफार्मर के नीचे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई थी। वहीं बीते रविवार को लटकते तार की चपेट में आने से अमरेश करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचे रामबली भी करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह तार हटाकर दोनों को बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया गया है।

ग्रामीण विक्की सिंह का कहना है कि जर्जर खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर की स्थिति की जानकारी कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि तार हटाने या तत्काल मरम्मत के बजाय पूरी विद्युत व्यवस्था की जांच कर कमजोर खंभों और तारों को बदलने की जरूरत है।

इस बारे मे अधिशाषी अभियंता से बात की गईं तो मामले में अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उचडीह फीडर के एसडीओ से बात की। उन्होंने जेई और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा झुके खंभों, लटकते तारों और ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्या का आवश्यकतानुसार तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। विभागीय स्तर से कार्रवाई के निर्देश के बाद अब ग्रामीणों को स्थायी सुधार की उम्मीद है।

