@जे0 के0….

Sonbhardra। सोनभद्र विश्वकर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर विश्वकर्मा समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीब, पिछड़े, दलित और विश्वकर्मा समाज के लोग लगातार उत्पीड़न और अन्याय का शिकार हो रहे हैं।

राम आसरे विश्वकर्मा ने भदोही के याकूबपुर रंड़ई गांव में लक्ष्मी विश्वकर्मा की हत्या, गाजीपुर में निशा विश्वकर्मा की हत्या, देवरिया में राजू विश्वकर्मा हत्याकांड तथा कानपुर देहात में रामबीर विश्वकर्मा व सत्यनारायण विश्वकर्मा की हत्या के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पीड़ित परिवारों से किए गए सरकारी वादे भी पूरे नहीं हुए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी और मंत्री पद देकर सम्मान दिया गया। भगवान विश्वकर्मा की पूजा दिवस 17 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सम्मान बढ़ाने का काम तत्कालीन सरकार ने किया था, जबकि भाजपा सरकार ने इसे समाप्त कर दिया।

पूर्व मंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक रूप से गुमराह करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से वोटों के बंटवारे से बचने और समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील की। कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों को सम्मान और अधिकार दिया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र विश्वकर्मा ने तथा संचालन इंजीनियर विनोद कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान सुदामा विश्वकर्मा, रामदुलारे विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, इंजीनियर संजय कुमार शर्मा, इंजीनियर रितेश विश्वकर्मा, रामनिवास शर्मा, शंभू विश्वकर्मा, एडवोकेट प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, नारायण विश्वकर्मा, इंजीनियर राजेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।







