संवाददाता@अनिल अग्रहरी….
— अल्ट्राटेक संयंत्र में बाहर से आने वाले कचरे के निस्तारण पर उठे सवाल, बच्चों-बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता

डाला नगर पंचायत क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र में बाहर से लाए जा रहे कचरे और उससे फैल रही तेज दुर्गंध को लेकर नगरवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी ने आधा दर्जन से अधिक सभासदों के साथ जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।
पत्रक के माध्यम से नगर पंचायत अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र द्वारा बाहर से भारी मात्रा में कचरा मंगाया जा रहा है, जिसके निस्तारण के दौरान क्षेत्र में अत्यधिक तीव्र और असहनीय दुर्गंध फैल रही है। कचरा लेकर आने वाले वाहनों तथा संयंत्र परिसर में कचरे के निस्तारण के कारण आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि दुर्गंध इतनी तेज है कि लोगों का घरों में सामान्य रूप से सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। साथ ही संक्रामक और श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा भी बताया गया है।
बताया गया कि समस्या के समाधान को लेकर गत 21 जून को नगर पंचायत कार्यालय में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रदूषण और दुर्गंध की समस्या को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया गया था। नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार बैठक के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और समस्या बनी हुई है।

इस मामले में सदर विधायक भूपेश चौबे की ओर से भी पूर्व में मध्यस्थता किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के बाद मामला एक बार फिर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाला क्षेत्र में प्रदेश सरकार के मंत्री संजीव गोंड का भी आवास है। इसके बावजूद लंबे समय से दुर्गंध और प्रदूषण की शिकायतों का समाधान नहीं होने को लेकर लोगों में नाराजगी है। नगरवासियों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर प्रदूषण और दुर्गंध पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

पत्रक सौंपने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी के अलावा सभासद नितेश कुमार, ज्ञानी देवी, बिंदु सिंह, अवनीश देव पांडे, विशाल, संतोष कुशवाहा, बलबीर आदि मौजूद रहे।
