मुख्यालय संवाददाता@सतीश कुमार……

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में सोमवार को दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से 100 से अधिक दिव्यांगजन अपने परिजनों के साथ पहुंचे। यहां चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगजनों के अंगों का परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का प्रतिशत निर्धारित किया।

शिविर में चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए। प्रमाण पत्र मिलने से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, पेंशन, शिक्षा, रोजगार सहित अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी।
शिविर में सुबह से ही दिव्यांगजनों और उनके परिजनों की भीड़ जुटने लगी। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बारी-बारी से लाभार्थियों की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।

शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने बताया कि इस तरह के शिविर आयोजित होने से उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को आवश्यक जानकारी भी दी गई।










